आरा,संवाददाता। भोजपुर के तरारी क्षेत्र के इटिम्हां गांव में सोमवार की रात ससुराल आये एक युवक की हत्या कर दी गयी। पत्नी ने ही प्रेमी (कथित पहले पति) के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के आंगन में ही दफना दिया गया। मंगलवार की सुबह पुलिस ने जमीन खोद कर शव को निकाला। युवक के कान व नाक से खून बहता हुआ जख्म और पूरे शरीर में लाल रंग का धब्बा पाया गया है। मृत युवक अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के तार गांव निवासी कमलेश गिरी उर्फ भिखारी गिरी का 24 वर्षीय पुत्र मिथुन गिरी था।
वह पेशे से चालक था और हरियाणा के गुरुग्राम में ट्रक चलाता था। उसने छह माह पहले ही इटिम्हां गांव निवासी नेहा कुमारी से शादी की थी। इधर, मिथुन के पिता कमलेश गिरी उर्फ भिखारी गिरी की ओर से अवैध संबंध का विरोध करने पर अपनी बहू, उसके प्रेमी और सालों सहित चार लोगों पर हत्या कर शव को ससुराल के आंगन में दफनाने का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि मिथुन की पत्नी की ओर से आपसी विवाद के बाद फांसी लगाने की बात कही जा रही है पर अपने पहले पति (कथित प्रेमी) द्वारा शव दफनाये जाने की बात स्वीकार की गयी है। वहीं घर के आंगन की मिट्टी खोद शव निकाले जाने की सूचना से गांव में सनसनी मच गयी। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार भास्कर पुलिस बल के साथ पहुंचे और जमीन को खोद शव निकालने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। एसडीपीओ राहुल सिंह भी पहुंचे और अपने स्तर से छानबीन की। उस दौरान उन्होंने मिथुन की पत्नी से भी पूछताछ की। वहीं कमलेश गिरी उर्फ भिखारी गिरी ने बताया कि उसकी बहू नेहा देवी का शादी से पहले से ही उसके गांव के एक कंपाउंडर से अवैध संबंध चल रहा था। इसे लेकर उसके द्वारा पूर्व में भी उनके पुत्र को मारने की कोशिश की गयी थी। चार दिन पूर्व उनका पुत्र अपनी पत्नी नेहा को लेकर ससुराल इटिम्हां गांव गया था। उसी दिन लौट आया था। दूसरे दिन वह फिर ससुराल चला गया। इसी बीच उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी, भाई और मां के साथ मिलकर उसके गले में फांसी लगा उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को अपने घर के ही आंगन में जमीन खोद और नमक डालकर दफना दिया गया। मंगलवार की सुबह तरारी थाना पुलिस की सूचना पर वह इटिम्हां गांव पहुंचे, तो देखा उनका पुत्र मृत पड़ा है। एसडीपीओ राहुल सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि इटिम्हां गांव निवासी एक व्यक्ति के घर के आंगन में शव दफनाया गया है। उस आधार पर तरारी पुलिस पहुंची और जमीन खोदकर शव निकाला गया। मामले की हर एंगल से छानबीन की जा रही है। युवक के परिजनों की ओर से हत्या का आरोप लगाया जा रहा है।